सिद्धार्थनगर। बकरीद नजदीक आते ही जिले के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। नौगढ़ बाजार, तेतरी बाजार, बांसी बाजार, इटवा बाजार, शोहरतगढ़ बाजार, डुमरियागंज बाजार, हल्लौर बाजार, बेवा चौराहा बाजार, मोतीगंज, भवानीगंज बाजार और शहियापुर बाजार में शाम होते ही ग्राहकों की आवाजाही तेज हो जा रही है। देर रात तक खरीदारी का दौर चल रहा है और छोटे कारोबारियों में उत्साह दिखाई दे रहा है।
पशु मंडियों की हलचल के साथ कपड़ा बाजार, दर्जियों की दुकानों, टोपी, इत्र और फुटवियर कारोबारियों के यहां ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। महंगाई के बावजूद लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं और बाजारों को इससे नई रफ्तार मिली है। कुर्ता-पायजामा, पठानी सूट, बच्चों के कपड़े, सफेद टोपी, इत्र और जूतों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। कई दर्जियों ने नए ऑर्डर लेना लगभग बंद कर दिया है क्योंकि पहले से मिले ऑर्डर समय पर पूरे करना चुनौती बन गया है।
डुमरियागंज बाजार के दर्जी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में सिलाई के ऑर्डर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। देर रात तक कपड़े तैयार करने पड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग सफेद कुर्ता-पायजामा और बच्चों के पठानी सूट की है।
तेतरी बाजार के इत्र कारोबारी इमरान ने बताया कि छोटे पैक वाले इत्र और डिजाइनर टोपी की मांग तेजी से बढ़ी है। वहीं, नौगढ़ बाजार के कपड़ा व्यापारी गुलाब अग्रहरि के अनुसार अंतिम सप्ताह में खरीदारी और बढ़ने की संभावना है। जूते और चप्पलों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है। कई व्यापारी ऑफर और कॉम्बो पैक के जरिये ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि लोग इस बार बजट के भीतर रहकर खरीदारी कर रहे हैं।
-
किन कारोबारों में सबसे ज्यादा रौनक
- कुर्ता-पायजामा और पठानी सूट
- दर्जी और कढ़ाई कारीगर
- टोपी और इत्र दुकानें
- जूते-चप्पल बाजार
- बच्चों के रेडीमेड कपड़े
- गिफ्ट और सजावटी सामान