बहादुरपुर। सदर तहसील के मईपुर, महुआपार कला व महुआपार खुर्द के पांच सौ घरों को बचाने के लिए बाढ़ खंड की ओर 24 करोड़ की परियोजना पूरी करने की कवायद तेज कर दी गई है। दो स्पर, छब्बीस डैंपनर का निमार्ण प्रस्तावित है। समय कम होने के कारण बाढ़ खंड ने अति संवेदनशील जगह पर एक स्पर व अट्ठारह डैंपनर का निर्माण शुरू कराया है। रविवार से मईपुर गांव के निकट डैंपनर के बीच पिचिंग कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
शुक्रवार से ही पीचिंग कार्य होना था। लेकिन, श्रमिकों की पर्याप्त संख्या न होने की वजह से लंबित रह गया था। निर्माण टीम ने श्रमिकों की संख्या में इजाफा कर पीचिंग कार्य को शुरू करा दिया है। विभाग का दावा है कि निर्धारित समयावधि में यह सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। पिछले वर्ष सरयू नदी की कटान से मइपुर, महुआपार कला व महुआपार खुर्द में तबाही मच गई थी। इन गांवों के लगभग डेढ़ दर्जन घर नदी की धारा में विलीन हो गए थे। इस बार बाढ़ खंड द्वारा अप्रैल में ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। नदी का पानी निर्माण स्थल पर न पहुंचे इसके लिए विभाग द्वारा बांध बनाया गया है। नदी का जल स्तर बढ़ने पर इसे और ऊंचा करने के साथ रिसाव होने के दौरान मरम्मत की जा रही है। जिससे निर्माण स्थल पर अभी तक नदी का पानी नहीं पहुंच पाया है। अवर अभियंता बाढ़ खंड पीएन गुप्ता ने बताया कि रविवार को पिचिंग कार्य शुरू करा दिया गया है। 30 जून तक एक स्पर व 19 डैंपनर, पिचिंग कार्य लगभग पूर्ण कर लिया जाएगा।