बस्ती। जिला महिला अस्पताल में अब गर्भवती और नवजात शिशुओं के उपचार के साथ डीएनबी कोर्स में डॉक्टर पढ़ाई भी कर सकेंगे। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की तरफ से नए सिरे से प्रस्ताव तैयार करके नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन दिल्ली को भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। अस्पताल में चार सीटें मांगी गई हैं।
शासन ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए अब डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (डीएनबी) की पढ़ाई शुरू करने के लिए आवेदन मांगा है। यहां दो विभाग पीडियाट्रिक और गाॅयनोलाॅजिस्ट में विशेषज्ञों की पढ़ाई शुरू कराने के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। इसके परिप्रेक्ष्य में अस्पताल प्रशासन की ओर से एनबीई दिल्ली को आवेदन के साथ प्रस्ताव भेज दिया गया है। अब केवल स्वीकृति मिलने का इंतजार है।
मंजूरी मिलने के बाद जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज बस्ती के साथ जिला महिला अस्पताल भी पढ़ाई कराने वाला तीसरा चिकित्सा इकाई बनेगा। यहां डीएनबी कोर्स में एमबीबीएस चिकित्सक दाखिला लेंगे और पढ़ाई करके डिप्लोमा की डिग्री हासिल करेंगे। डीएनबी कोर्स के लिए पहले दो बार दो विभाग की पढ़ाई के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से आवेदन किया था। हालांकि, भवन व अन्य संसाधनों की कमी के कारण मंजूरी नहीं मिल सकी थी।
इधर निदेशालय ने सीएमएस को आवेदन के लिए फिर निर्देश दिया। इसके बाद सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने पत्रावलियां तैयार कराकर डीएनबी कोर्स के लिए नया आवेदन कर दिया है। बताया गया कि नए आवेदन में दो गायनी और दो बाल रोग विभाग के लिए सीट मांगी है। मंजूरी मिलने के बाद यहां एमबीबीएस डॉक्टर पढ़ाई कर सकेंगे। चिकित्सा व्यवस्था और मजबूत होगी। मरीजों को सहूलियत भी मिलेगी।
कोट
चार सीट की मांग हुई है। तैयारी चल रही है। आश्वासन मिला है। डॉक्टर के आने से चिकित्सा व्यवस्था और बेहतर हो जाएगी।
-डॉ. अनिल कुमार, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल, बस्ती।