बच्चों व शिक्षकों में ज्ञान का उजियारा फैला रहा एडूलीडर्स यूपी
बस्ती। ‘एडूलीडर्स यूपी’ उत्तर प्रदेश अपनी वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटएडूलीडर्सडॉटइन व विभिन्न सोशल मीडिया नेटवर्क के सहारे प्रतिदिन लाखों बच्चों व शिक्षकों में ज्ञान का उजियारा बिखेर रहा है। यह परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत स्वप्रेरित, ऊर्जावान, टेक्नोसेवी परिषदीय शिक्षकों का एक ऐसा स्वत: स्फूर्त समूह है, जो स्कूलों में पढ़ रहे लाखों बच्चों के लर्निंग आउटकम बढ़ाने, शिक्षकों को प्रशिक्षित करने, उनके उल्लेखनीय कार्यों को मंच देकर उन्हें एडूलीडर्स यूपी अवार्ड्स से सम्मानित करने का कार्य करता है। इस समूह से जुड़े शिक्षक स्वयं अपने विद्यालयों को स्मार्ट विद्यालय के रूप में विकसित कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ही साथ अन्य विद्यालयों के विकास में भी सहयोगी बन रहे हैं।
एडूलीडर्स यूपी की स्थापना बस्ती जनपद के युवा राष्ट्रपति पदक प्राप्त तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सम्मानित शिक्षक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने मार्च 2020 में कोविड लॉकडाउन के समय तब किया था, जब स्कूलों के बंद होने के हजारों शिक्षक समझ नही पा रहे थे कि अब वह अपने बच्चों तक कैसे पहुंच बनाकर उनसे जुड़ें। साथ ही पढ़ाई-लिखाई में उनकी किस तरह से मदद कर सकें। उसी दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदों के अपने 100 शिक्षकों की टीम के साथ मिलकर माइक्रोसॉफ्ट टीम व अन्य ऑनलाइन माध्यमों से शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता उन्नयन कर उन्हें प्रशिक्षित व सम्मानित करने का संकल्प लिया। एडूलीडर्स यूपी ने मार्च 2020 से अब तक राज्य के 50 हजार से अधिक शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए ऑनलाइन वेबिनार की शृंखला संचालित कर लर्निंग अससेमेंट, स्कूल लीडरशिप और शिक्षा में आईसीटी के प्रयोग, एनईपी 2020 जैसे विषयों पर प्रशिक्षित किया है। जिसमें देश भर के उत्कृष्ट विषय विशेषज्ञों ने अपने विचारों व अनुभवों से शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षित किया।
300 शिक्षकों को दिया गया एडूलीडर्स अवार्ड
एडूलीडर्स यूपी की ओर से बीते दो वर्षों से शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर 2020 व दो सितंबर 2021 को राज्य स्तर पर गुरु वंदन कार्यक्रम का आयोजन कर 300 शिक्षकों को एडूलीडर्स यूपी अवार्ड्स से तत्कालीन प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने सम्मानित किया है।
शिक्षकों के लिए कार्यक्रम
एडूलीडर्स यूपी अवार्ड्स, वेबिनार सीरीज, आवश्यकता आधारित ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रशिक्षण, एडूलीडर्स लाइव स्टार ऑफ द वीक, नवोन्मेषी शिक्षक, शिक्षक कलाकार शृंखला के अलावा समय-समय पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
---
छात्रों के लिए संचालित कार्यक्रम
एडूलीडर्स यूपी की ओर से प्रतिदिन बच्चों के लर्निंग आउटकम बढ़ाने के लिए ज्ञान गंगा ब्लैक बोर्ड संदेश, योग प्रवाह, बाल कलाकार, विद्या प्रवाह, बूझ भाई बूझ, बाल सवाल, संस्कार, शब्द संग्रह, समाचार दर्पण दैनिक शृंखला के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए सामग्री तैयार कर भेजी जाती है। जिससे परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संकल्प के अनुसार बच्चों को ‘ग्लोबल सिटीजन’ के रूप में विकसित किया जा सके।
स्वीप कार्यक्रम का किया संचालन
एडूलीडर्स यूपी ने हाल ही में पूरे राज्य में विधानसभा चुनाव में अपने हजारों शिक्षक के साथ समस्त जनपदों में स्वीप के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग किया। जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं, मतदाताओं को वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, अपडेशन कराने के लिए प्रेरित करने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विविध प्रतियोगिताएं जैसे रंगोली, पेंटिंग, मेहंदी प्रतियोगिता जागरूकता रैली, घर घर जन जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रम निर्वाचन आयोग के अनुमति से चलाए गए।
एडूलीडर्स यूपी शिक्षकों का एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां सीखने व सिखाने वाले, दोनों शिक्षक ही हैं। इन सभी का उद्देश्य सुदूर गांवों में रह रहे लाखों होनहार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। वर्तमान में इससे सभी 75 जनपदों में व्हाट्सएप समूह है और इससे लगभग 50 हजार से अधिक शिक्षक व लाखों बच्चों से सीधे जुड़े है।
डॉ. सर्वेष्ट मिश्र, संस्थापक, एडूलीडर्स यूपी
एडूलीडर्स यूपी से जुड़े शिक्षकों की ओर से बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने एक प्रतिदिन व्हाट्सएप समूह अन्य माध्यमों से भेजे जा रही शैक्षिक सामग्री की गुणवत्ता काफी अच्छी है। इससे बच्चों व शिक्षकों दोनों में गुणवत्ता बढ़ रही है। कोरोना काल में इन शिक्षकों की ओर से किए गए कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हुए हैं।
-जगदीश शुक्ल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बस्ती
प्रतिदिन बच्चों के स्कूल के ग्रुप में एडूलीडर्स समूह की ओर से विभिन्न प्रकार के पोस्टर, गतिविधियां, वर्क शीट, पहेलियां, योग व अन्य गतिविधियां समूह में भेजे जाते हैं। यह स्कूलों में बच्चों के पढ़ाई में बहुत मदद करते हैं।
-राजमणि, अभिभावक, मूड़घाट
कोरोना के समय से लेकर आज तक एडूलीडर्स की ओर से प्रतिदिन शिक्षण से जुड़ी सामग्री स्कूल के समूह में भेजी जाती है। जिससे हमें अपनी पढ़ाई अच्छे से करने में काफी मदद मिलती है।
-कशिश यादव, छात्रा, प्राथमिक विद्यालय डमरुआ