बस्ती। कांवड़ यात्रा के दौरान अस्त-व्यस्त हो चुकी यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बृहस्पतिवार को शहर में ई-रिक्शा के रूट सिस्टम की जांच का अभियान चलाया गया। कंपनीबाग, बड़ेवन, रोडवेज तिराहा, दक्षिण दरवाजा पर यातायात पुलिस जांच करती रही।
इस जांच में ई-रिक्शा पर लगाए गए स्टिकर का सत्यापन भी किया गया। टीएसआई अवधेश तिवारी ने बताया कि कई ई-रिक्शा दूसरे रूट के गांधीनगर में चलाए जाने की शिकायत मिल रही थी। जिसके मद्देनजर सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए चेकिंग टीम को आवंटित रूट का पूरा डिटेल दिया गया है, जिससे वे ई-रिक्शा पर लगे स्टिकर का मिलान कर रहे हैं। दूसरे रूट पर चलते पाए गए 20 से अधिक ई-रिक्शा का चालान किया गया। सीओ यातायात सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि जो रूट तय हो गए हैं,उससे हटकर किसी ई-रिक्शा को नहीं चलने दिया जाएगा। ऐसा पाए जाने पर नियमानुसार चालान किया जाएगा। संवाद