बस्ती। प्रदेश में डिप्थीरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने छूटे हुए बच्चों के टीकाकरण के लिए विशेष अभियान शुरू करने की तैयारी की है। जिले में पूर्व में टीकाकरण से वंचित करीब 25 हजार बच्चों को डीटी (डिप्थीरिया-टिटनेस) का टीका लगाया जाएगा। अभियान तीन, चार, छह और सात अगस्त को चलाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि अभियान में तीन आयु वर्गों के बच्चों को शामिल किया गया है। इसमें पांच से छह वर्ष, 10 वर्ष और 16 वर्ष के विद्यार्थियों को डीटी की अतिरिक्त खुराक दी जाएगी। टीकाकरण की रोजाना रिपोर्ट यू-विन पोर्टल और एचएमआईएस पर दर्ज की जाएगी। एएनएम को छूटे हुए बच्चों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की है।
इसके तहत 24 जुलाई को राज्यस्तरीय जूम बैठक के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। 25 से 27 जुलाई तक जनपद स्तर पर डीटीएफ और प्लानिंग बैठकें हुईं। वहीं 28 और 29 जुलाई को ब्लॉक स्तरीय समन्वय बैठक व अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 30 और 31 जुलाई को स्कूलों का माइक्रोप्लान तैयार कर संवेदीकरण किया जाएगा। एक अगस्त तक तैयार माइक्रोप्लान राज्य स्तर पर ईमेल के माध्यम से भेजना अनिवार्य होगा।
अभियान के सत्र नियमित टीकाकरण दिवस (बुधवार और शनिवार) को छोड़कर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगाए जाएंगे। प्रत्येक सत्र में 50 से 75 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
-
सुरक्षा के लिए रहेंगे इंतजाम
डीआईओ डॉ. एके चौधरी ने बताया कि पिछले अभियान में छूटे बच्चों की सूची के आधार पर टीकाकरण की योजना बनाई गई है। टीकाकरण सत्रों पर किसी भी प्रतिकूल प्रभाव से निपटने के लिए एनाफाइलेक्सिस किट और पैरासिटामॉल की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। वैक्सीन और अन्य सामग्री पहुंचाने के लिए आरबीएसके और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा। शिक्षा विभाग, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से अभिभावक बैठकों का आयोजन कर बच्चों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कक्षा के हिसाब से लगेगा टीका
5 से 6 वर्ष (कक्षा 1): डीपीटी-2 बूस्टर
10 वर्ष (कक्षा 4 व 5): टीडी-10
16 वर्ष (कक्षा 10 व 11): टीडी-16