बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के नेवारी केवटहिया पुरवा निवासी जयप्रकाश उर्फ वकील (33) बुधवार को शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया, इससे इलाके में हड़कंप मच गया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह युवक को नीचे उतारा। पूछने पर उसने कहा कि वह टावर पर चढ़कर गांव देख रहा था।
जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश के छोटे भाई की शादी 30 नवंबर को होनी है। शादी में शामिल होने उनकी बहन भी घर आई हुई है। शराब के नशे में धुत जयप्रकाश ने बहन से और शराब पीने के लिए रुपए मांगे। इन्कार करने पर वह गुस्से में सीमेंट शेड पर लाठी से मारने-पीटने लगा। परिजनों के रोकने पर वह और भड़क गया और घर के ठीक सामने स्थित करीब 60 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 टीम, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार व लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजन लगातार उसे समझाते रहे, लेकिन उसने पुलिस को दूर हटने को कहा। पुलिस टीम जैसे ही करीब 100 मीटर दूर गई, जयप्रकाश नीचे उतर आया।