उर्मिला एजूकेशनल स्कूल पर अतुल महेश्वरी छात्रवृत्ति की परीक्षा देने पर उत्साहित छात्राएं।
रविवार की छुट्टी के बावजूद सैकड़ों विद्यार्थियों के कदम कॉलेज की ओर बढ़ रहे थे। समय के साथ लय मिलाते हुए ये विद्यार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और हिस्सा बने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2016 का। गोरखपुर और बस्ती मंडल के तीन जिलों में आयोजित परीक्षा हर केंद्र पर अनुशासित माहौल में पूरी हुई। इस दौरान परीक्षार्थियों के चेहरे पर अब तक के शैक्षिक अनुभव का आत्मविश्वास दमक रहा था तो आंखों में बेहतर भविष्य के सपने की चमक भी साफ नजर आ रही थी।
गोरखपुर के परीक्षा केंद्र महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज, जंगल धूषण पर 1789 परीक्षार्थी नामांकित थे। इनमें से 1074 परीक्षा में शामिल हुए। नौ दृष्टि बाधित विद्यार्थियों ने भी परीक्षा में शिरकत की। शिक्षक चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में पहुंचे दृष्टि बाधित परीक्षार्थियों के लिए राइटर के
साथ अलग कक्ष में परीक्षा की सुविधा दी गई।
बस्ती में उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में बने परीक्षा केंद्र पर 651 अभ्यर्थी नामांकित थे और 434 परीक्षा में शामिल हुए। देवरिया में कालिंद इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जिस पर 478 नामांकित अभ्यर्थियों में से 299 ने परीक्षा दी।