नगर बाजार। थाने पर तैनात एक सिपाही पर अमानवीय ढंग से युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि हल्का नंबर एक नगर खास के सिपाही अरविंद पटेल ने सब्जी व्यवसायी मोहित सोनकर को बाइक से खींचकर थाने में ले गया और उसकी रात में काफी पिटाई की। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद सिपाही भाग गया। जानकारी होने पर पूर्व विधायक रवि सोनकर सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन पर बातचीत में मोहित ने सिपाही को अपशब्द कहा था। उसी की खुन्नस में सिपाही ने पिटाई की।
सब्जी व्यापारी मोहित सोनकर ने बताया कि वह बुधवार रात शहर से सब्जी का हिसाब लेकर लौट रहा था। थाने से महज 10 मीटर की दूरी पर एक सिपाही ने उसे रोक लिया। आरोप है कि मोबाइल फोन पर अपशब्द कहने की बात को लेकर थाना के अंदर ले जाकर पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान मोहित की हालत काफी बिगड़ गई। उसके बाद सिपाही खुद उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन, भर्ती कराने के बाद चुपचाप मौके से भाग गया। सीओ कलवारी प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट एसपी को सौंपी गई है।