छावनी। गोरखपुर-अयोध्या हाईवे पर रविवार की रात करीब 10 बजे डबल डेकर बस का टायर फट गया। इससे बस बेकाबू होकर एक ढाबे के बगल खड़े ट्रेलर से टकरा कर गड्ढे में चली गई। बस में सवार नौ यात्री घायल हो गए। बगल में ट्रांसफॉर्मर भी था। बस के गड्ढे में जाते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ढाबे पर मौजूद लोग दौड़कर हादसा स्थल पर पहुंच गए। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, छावनी थाना क्षेत्र के रमहटिया गांव के पास रविवार की रात करीब 10 बजे गोरखपुर से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस का अगला बायां टायर फट गया। इसके चलते बस हाईवे के किनारे एक ढाबे पर खड़े ट्रेलर को टक्कर मारते हुए हाईवे के किनारे बनी गड्ढे में चली गई। बस में 54 यात्री सवार थे।
अचानक हुई दुर्घटना से बस में सवार कपिल निवासी बुलंदशहर, सारभक राव निवासी खोराबार जनपद गोरखपुर, शिव भक्त चौहान निवासी गोविंद टोला, हाटा कुशीनगर, मुकेश गुप्ता निवासी खोराबार गोरखपुर, अंकिता दूबे निवासी झगहा गोरखपुर, निवेदिता यादव निवासी गगहा गोरखपुर, शिवांगी पांडेय निवासी बेलीपार गोरखपुर, मशरूर आलम निवासी कुबेरस्थान कुशीनगर, मिंटू निवासी कुबेरस्थान कुशीनगर घायल हो गए। हालांकि, इन्हें हल्की चोटें ही आईं। बाकी यात्री बाल-बाल बच गए। मौके पर पहुंची छावनी पुलिस ले 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सीएचसी विक्रमजोत पहुंचाया।
बाकी यात्रियों को दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। इस बारे में पूछे जाने पर चौकी इंचार्ज विक्रमजोत शशि शेखर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जन हानि नहीं हुई है। घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में इलाज चल रहा है। यातायात व्यवस्था व्यवस्था सुचारू रूप से चालू है।