कुत्ते के हमले में सात वर्षीय शिवम चौहान। संवाद
महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के खैरी ओझा गांव में रविवार की दोपहर आवारा कुत्ते के हमले में सात वर्षीय शिवम चौहान घायल हो गया। कुत्ते ने मासूम के चेहरे पर कई जगह जख्म कर दिए। हर्रैया पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुत्ते के हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोगो बच्चों के घर से बाहर निकलने दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, खैरी ओझा गांव निवासी रंजीत चौहान का बेटा शिवम पड़ोसी के बेटे के साथ घर के बाहर खेल रहा था। दोपहर में अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर चेहरे पर कई जगह जख्म कर दिया। किसी तरह आसपास के लोगों ने कुत्ते से बच्चे को बचाने की कोशिश की। कुत्ते ने उन पर भी झपट्टा मारने लगा। लाठी-डंडे से पीटकर कुत्ते को भगाया, तब उसकी जान बच पाई।
कुत्ते के चंगुल से छूटे बच्चे को परिवार वाले तथा ग्राम प्रधान अजय ओझा पीएचसी हर्रैया लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि रविवार होने के कारण रेबीज का इंजेक्शन नहीं लग पाएगा और बच्चे को जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। परिवार वालों का कहना है जिला अस्पताल में भी इंजेक्शन उपलब्ध न होने के कारण बच्चे को नहीं लग सका।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से पकड़वाने की मांग की है।