एसडीएम ने जांची अस्पताल की व्यवस्था।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। जिला अस्पताल में व्यवस्थागत ढांचे को जानने के लिए बुधवार को डीएम डॉ. राजशेखर अचानक पहुंच गए। यहां अस्पताल का निरीक्षण किया और व्यवस्था को सही ढंग से रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पीआईसीयू में 15 शैय्या बढ़ाने के शासन के निर्देशों की जानकारी सीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा से ली।
डीएम ने अस्पताल में सफाई करने, दवाओं की उपलब्धता बनाये रखने तथा बरसात के मौसम में सांप काटने के बाद उपचार करने, चिकित्सकों को समय उपलब्ध कर मरीजों का उपचार करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह इलाका जेई और एईएस से प्रभावित क्षेत्र है। इसलिए टीकाकरण की कार्रवाई शत-प्रतिशत पूरी की जाए। इस मौके पर एसआईसी डॉ. ओपी सिंह, डॉ. राम प्रकाश, डॉ. विजय यादव, डॉ. पंकज शुक्ल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
वाल्टरगंज प्रतिनिधि के अनुसार डीएम के निर्देश पर तहसीलदार नवीन प्रसाद ने सल्टौआ स्थित स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपस्थिति पंजिका जांची, जिसमें सभी कर्मी मौजूद पाए गए। उसके बाद जेई वार्ड का निरीक्षण किया, बरामद में खड़ी गाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए। दवाओं की उपलब्धता की जांच की। बताया गया कि एंटी रैबीज वैक्सीन जुलाई से ही उपलब्ध नहीं है। तहसीलदार ने प्रसव केंद्र का निरीक्षण किया। यहां स्टाफ नर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चौधरी, डॉ. मनीष शुक्ला, फार्मासिस्ट राधारमण शुक्ल, एलटी राकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।