डीएम ने यूपी बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को नवाजा
बस्ती। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के आए बेहतर परिणामों को देख डीएम प्रियंका निरंजन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के टॉपरों को सम्मानित किया। डीएम ने मेधावियों को आगे की शिक्षा ग्रहण कर देश की सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित वर्ष 2022 के हाईस्कूूल व इंटरमीडिएट के टॉपर विद्यार्थियों को डीएम ने माला पहनाया और प्रतीक चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर सम्मानित होने वालों में हाईस्कूल परीक्षा में एचएलवीआईसी हलुआ के निकुंज वर्मा, एवीआईसी बिहरा बाजार के हरिओम वर्मा, आरकेवीएसआईसी थाना खास, हर्रैया के आशुतोष त्रिपाठी, डीआरसी राष्ट्रीय सैनिक विद्यालय भीटी मिश्र के अमरेन्द्र वर्मा व गजाधर सिंह अंगद सिंह एकेडमी हर्रैया की नित्या पांडेय को सम्मानित किया गया।
दूसरी तरफ इंटरमीडिएट परीक्षा में शिवम इंटर नेशनल एकेडमी कर्रा पिठिया के सुबोध पांडेय, एसकेएसडीआईसी मोहम्मद नगर की साधना यादव, पटवा इंटर कॉलेज बेलघाट की मुस्कान भारती, सावित्री विद्या बिहार इंटर कॉलेज रामजीपुरम की माही गुप्ता, पं. चतुर्भुज तिवारी आदर्श इंटर कॉलेज अकेलवा ऐंठी की शालू यादव, महेश प्रताप इंटर कॉलेज रुधौली की शक्ति पांडेय, डीआरसी राष्ट्रीय सैनिक विद्यालय भीटीमिश्र के विनय वर्मा व दिव्या सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति व डीआईओएस डीएस यादव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य नीलम ने किया।