बंद बेअसर, पुलिस व प्रशासनिक अमला रहा अलर्ट
बस्ती। अग्निपथ योजना के विरोध में भारत बंद के आह्वान का असर जिले में नहीं रहा। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान और कार्यालय खुले रहे। बावजूद इसके समूचा पुलिस प्रशासन अलर्ट पर रहा। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। आईजी राजेश मोदक, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी आशीष श्रीवास्तव, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी समेत अन्य अधिकारी रेलवे स्टेशन, रोडवेज, प्रमुख मॉल आदि प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।
रेलवे स्टेशन से दक्षिण दरवाजा तक अधिकारियों ने पैदल मार्च कर लोगों में शांति सुरक्षा का संदेश दिया। इस दौरान व्यापारियों, सराफा व्यवसायियों व जन सामान्य से बातचीत की। रास्ते में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की गई। कोतवाली क्षेत्र के बड़ेवन टोल प्लाजा, छावनी के चौकड़ी टोल प्लाजा और नगर बाजार के अकसड़ा खड़ौआ टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात रहा। वाल्टरगंज, सल्टौआ, सोनहा, भानपुर, रुधौली, मानिकचंद, मुंडेरवा, बनकटी, महादेवा, कुदरहा, लालगंज, गायघाट, कलवारी, बहादुरपुर, दुबौलिया, हर्रैया, महराजगंज, कप्तानगंज, गोटवा, छावनी, विक्रमजोत, सिकंदरपुर, परशुरामपुर, गौर, पैकोलिया, दुबौला, टिनिच, नगर बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र में बाजार प्रतिष्ठान पूर्व की भंति खुले रहे। कहीं से किसी तरह का अप्रिय समाचार नहीं मिला।
उधर, समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ युवाओं ‘अग्निपथ स्कीम’ के विरोध के दृष्टिगत दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ अपने-अपने सर्किल व थाना क्षेत्र में भ्रमणशील होकर जायजा लिया। साथ ही पैदल मार्च कर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं एवं आम जनमानस के साथ संवाद किया गया। अग्निपथ स्कीम के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए विरोध प्रदर्शन व उपद्रव से दूर रहकर जनपद की कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था व शांति व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही अन्य युवाओं व आम लोगों को अग्निपथ स्कीम के बारे में जानकारी देकर जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।