बस्ती। डीएम रवीश गुप्ता सोमवार को बहादुरपुर ब्लाॅक के सेमरा और उमरिया गांव का निरीक्षण किया। उमरिया के आंगनबाड़ी केंद्र में झाड़-झंखाड़ देख नाराजगी जताई। तत्काल सफाई कर्मियों से परिसर को साफ कराया। यहां लगे हैंडपंप को चलाकर देखा। बालू युक्त पानी निकलने पर बीडीओ को हैंडपंप ठीक कराने के लिए कहा।
यहां मनरेगा के तहत खड़ंजा मार्ग के निर्माण कार्य का फोटो अपलोड करवाया। सड़क पर मिट्टी पटाई का कार्य पूरा मिला। जबकि खड़ंजा नहीं लगा हुआ था। डीएम ने एस्टीमेट की त्रुटि ठीक कर गुणवत्तापरक खड़ंजा लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने ग्राम पंचायत सेमरा उर्फ गलवा स्थित गोशाला का भी जायजा लिया। यहां 42 गोवंश संरक्षित पाए गए। गोबर की खाद ज्यादा मिलने पर नाराजगी जताई। सचिव रवि प्रकाश पांडेय ने बताया कि लगभग दस बारह ट्राली खाद उपलब्ध है। इसके बदले भूसा लिया जाता है। डीएम ने गोशाला के अंदर छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत से बिजली कनेक्शन कराने के लिए भी कहा। एपीओ मयंक मंजुल गौतम, एडीओ समाज कल्याण सुरेंद्र नाथ चौधरी, तकनीकी सहायक अरविंद कुमार, सचिव राजेंद्र प्रसाद, प्रधान सेमरा अनिल कुमार निषाद आदि मौजूद रहे।