कुदरहा। कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी मुस्तहकम गांव में सोमवार की रात में करीब 12 बजे डीजे संचालक को संदिग्ध हालात में छप्पर में फंदे से लटका शव मिला। परिवार वालों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। इसी बीच सूचना पाकर पहंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बैडारी मुस्तहकम निवासी अर्जुन सोनी (40) रात में करीब 12 बजे घर से बुलेट मोटरसाइकिल से कहीं जाने लगा। अचानक बुलेट बंद हो गया तो वह गाड़ी में चाबी लगा ही छोड़कर चला गया। जब काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की, मगर उसका कहीं सुराग नहीं लग पाया। मंगलवार की सुबह अर्जुन के भाई की पत्नी छप्पर में झाड़ू लगाने गईं तो अर्जुन का शव छप्पर में बांस से रस्सी के फंदे के सहारे लटका देख शोर मचाने लगी।
अर्जुन की गायघाट बाजार में डीजे की दुकान है। पति की मौत के बाद पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कलवारी के थानेदार संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ पाएगी। पुलिस भी अपने स्तर से डीजे संचालक की वजह जानने में लगी है।
परिवार के लोग घटना के पीछे की वजह बताने से कतरा रहे हैं। हालांकि गांव में आशनाई को लेकर चर्चा है।