डीएम ने चुनाव बुकलेट का विमोचन किया।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। लोकसभा चुनाव 2019 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के साथ साथ हर मतदाता बूथ तक पहुंचे इसके लिए जिले में रणनीति तय कर ली गई है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के साथ साथ दिव्यांगजनों को वोट दिलाने के लिए दिव्यांग मित्रों की तैनाती की जा रही है।
शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डॉ. राजशेखर ने विकास भवन सभागार में चुनावी तैयारियों के संबंध में प्रेसवार्ता कर रणनीति की जानकारी दी। बताया कि इस बार बूथस्तरीय मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन प्रबंधन प्लान भी तैयार किया गया है। बीएलओ को बूथ प्रबंधन के बारे में 25 तक समग्र सूचना देनी होगी। बताया कि देश के इस महात्योहार के लिए हर वर्ग का ख्याल रखा जा रहा है। जिले में 13000 दिव्यांग मतदाताओं को चिह्नित कर टैगिंग की गई है। इनके मतदान का जिम्मा दिव्यांग मित्र निभाएंगे। हर बूथ पर सहायता केंद्र के साथ साथ दिव्यांगजनों की अलग पंक्ति भी होगी। बैठने, पेयजल, व्हीलचेयर आदि की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी।
एमसीएमसी कमेटी रखेगी नजर
इस बार मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मीडिया कोऑर्डिनेशन (एमसीएमसी) का गठन किया गया है। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, सहायक सूचना अधिकारी और मीडिया से जुड़े एक सदस्य तथा सोशल मीडिया विशेषज्ञ शामिल हैं। डीएम के मुताबिक यह कमेटी तीन बिदुओं पर कार्य करेगी। प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में प्रचार-प्रसार वाली सामग्री को प्रकाशन की जांच, पेड न्यूज, फेक न्यूज तथा आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी प्रकरणों को संज्ञान में लाएगी। इसके लिए अलग कक्ष होगा।
मतदान के लिए दिलाई जाएगी शपथ
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए करीब दो लाख छात्रों, युवाओं को अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शपथ दिलाई जाएगी। जो मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। मई के प्रथम सप्ताह में 25 हजार कर्मचारियों को भी शपथ दिलाई जाएगी, जो निश्चित मतदान के लिए प्रोत्साहित करेंगे। छात्र-छात्राएं मतदान के लिए अपने अभिभावकों को प्रेरित करते हुए शपथ पत्र पर अंगूठा लगाकर विद्यालय में जमा करेंगे। सोशल मीडिया से अपील के साथ साथ विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे।