बस्ती। संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में बृहस्पतिवार को शैक्षिक सत्र 2026-27 की मंडलीय क्रीड़ा समिति की बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता संयुक्त शिक्षा निदेशक आनंदकर पांडेय ने की। इस दौरान मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल एवं समयबद्ध आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न खेलों के आयोजन की जिम्मेदारी तीनों जनपदों को सौंपते हुए कार्यक्रमों का आवंटन किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन जनपद बस्ती, तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन जनपद सिद्धार्थनगर तथा बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन जनपद संतकबीरनगर में कराया जाएगा। इसके अलावा वॉलीबाल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं का भी जनपदवार आवंटन किया गया। साथ ही मंडलीय क्रीड़ा समिति का गठन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं खेल शिक्षकों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए।
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी आयोजक जनपदों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिल सके।
सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक संजय कुमार शुक्ल, तीनों जनपदों के डीआईओएस, मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित यादव, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक प्रभाकर रंजन ओझा, अजय कुमार वर्मा, रमेश चंद्र गुप्ता, संतोष कुमार पांडेय, दौलत बाबू गुप्ता, रत्नेश सिंह, जोखू प्रसाद, पूर्णिमा तिवारी, विजय प्रकाश वर्मा, आज्ञाराम चौधरी, प्रतिमा चौधरी, डॉ. अनिल कुमार राय मौजूद रहे।