डायवर्जन खुलने के बाद बड़ेवन टोल प्लाजा पर बढ़ी चहल-पहल
26 जनवरी से फोरलेन पर चल रहा था भारी वाहनों का डायवर्जन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 26 जनवरी से बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर चल रहा डायवर्जन मंगलवार की देर रात समाप्त कर दिया गया। 35 दिन बाद इधर-उधर खड़े होकर इंतजार कर रहे ट्रक चालकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इतने दिनों तक रूट बदलकर डेढ़ गुना लंबी दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंचने वाले माल वाहक वाहनों के चालकों और ट्रांसपोर्टरों को राहत मिली है।
बुधवार को जिले के दोनों टोल प्लाजा पर परसा सन्नाटा दूर हुआ और फिर से चहल-पहल लौट आई। चौकड़ी टोल के प्रबंधक संदीप सिंह ने बताया कि 35 दिनों के भीतर करीब 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। कमोवेश इतना ही नुकसान मड़वानगर टोल पर भी हुआ है।
प्रयागराज में चले महाकुंभ के विभिन्न स्नान पर्वों पर भारी भीड़ उमड़ रही थी। प्रयागराज में कुंभ नहाने के बाद अधिकतर श्रद्धालु अयोध्या भी दर्शन करने और सरयू नदी में नहाने लौट रहे थे। इसके कारण अयोध्या में भारी भीड़ होने लगी थी। चूंकि अयोध्या में होने वाली भीड़ के बीच फोरलेन पर आवागमन से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था।
ऐसे में अयोध्या जिला प्रशासन के आग्रह पर परिवहन निदेशालय ने फोरलेन पर डायवर्जन का निर्देश दिया था। 26 जनवरी से शुरू हुए डायवर्जन को तीन बार छोड़ने का कार्यक्रम बना, मगर भीड़ ज्यादा होने की वजह से हर बार डायवर्जन की अवधि बढ़ाई जाती रही। अयोध्या में भीड़ कम होने के बाद मंगलवार की रात डायवर्जन हटा लिया गया। सीओ यातायात सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि फोरलेन पर डायवर्जन हटा लिया गया है। अब सुगमता से सभी वाहनों का अवागमन हो रहा है।