बस्ती। अयोध्या में किसी भी पर्व पर सुरक्षा इंतजामों के चलते पिछले कुछ महीनों से बार-बार डायवर्जन लागू हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर ट्रक और बस चालकों पर पड़ रहा है। बस्ती-अयोध्या मार्ग पर बने अस्थायी वैकल्पिक मार्ग लंबे और दुर्गम हैं, जहां भारी वाहन अक्सर फंस जाते हैं, जिससे कई किलोमीटर तक जाम लग जाता है।
छावनी थाना क्षेत्र के अमोढ़ा बाजार के रहने वाले राजेश कुमार ने बताया कि 15 सालों से कबरही से गिट्टी लादकर गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर बेचा जाता है। पहले इस तरह से फोरलेन बंद नहीं होता था। फोरलेन बंद होने से रोजाना 10 हजार की क्षति हो रही है। डीसीएम चालक मुरादाबाद जिले के रहने वाले पप्पू ने बताया की रुद्रपुर से माल लाद कर मलेट्री कैंटिन कोयंबटूर गया था। वहां से लखनऊ जा रहा था फोरलेन पर दो दिनों से गाड़ी रोक दिया गया। इसके चलते काफी नुकसान हो रहा है। फोरलेन बंद होने पर पुलिस मनमानी करती है। समय पर माल का नहीं पहुंच पाता है। जिससे मालिक और चालक सबकी क्षति होती है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र इमलिया गांव के रहने वाले ट्रक चालक राजू ने बताया कि फोरलेन बंद होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रास्ते में ट्रक खड़ा होने से दिहाड़ी कटती है, गाड़ी से डीजल बैटरी टायर चोरी होने का खतरा बना रहता है।