संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महाकुंभ के आखिरी स्नान पर प्रयागराज में उमड़ी भीड़ का रुख अयोध्या की तरफ हो चुका है। इससे अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए तीसरी बार फोरलेन पर रूट डायवर्जन की अवधि को चार मार्च रात 11 बजे तक बढ़ा दी गई है।
26 फरवरी की रात को 11 बजे से डायवर्जन समाप्त किया जाना तय था, मगर भीड़ कम न होने की वजह से इस फैसले पर पुनर्विचार के बाद अवधि बढ़ा दी गई। प्रभारी एसपी ओपी सिंह ने बताया कि अयोध्या जिला प्रशासन के आग्रह पर चार मार्च तक डायवर्जन बढ़ा दिया गया है।
इस दौरान मालवाहक भारी वाहनों को पूर्व की तरह कलवारी-टांडा मार्ग पर डायवर्ट किया जा रहा है। छावनी में राम जानकी मार्ग के अलावा अन्य मार्गों से भारी वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। 28 जनवरी से चल रहा डायवर्जन 26 फरवरी से डायवर्जन खुलने का इंतजार कर रहे ट्रक चालक एक बार फिर चार मार्च तक फंस गए हैं। वाहनों का आवागमन न होने से लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समय फुटहिया ओवरब्रिज से कलवारी-टांडा मार्ग पर भारी वाहन (ट्रक, कंटेनर, मालवाहक) जो लखनऊ, सीतापुर, मुरादाबाद, झांसी, दिल्ली, राजस्थान की तरफ जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कराकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से आगे के लिए भेजा जा रहा है।