बस्ती। अयोध्या की तरफ जाने वाले बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन बुधवार की रात 11 बजे समाप्त हो जाएगा। मंगलवार को फुटहिया मोड़ पर बस्ती-अयोध्या लेन पर बड़े वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इससे छोटे वाहनों को भी आने-जाने में दिक्कत हुई। हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। फुटहिया मोड़ पर रविवार की देर रात दो बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यातायात और पुलिस फोर्स मौके पर मुस्तैद है। सुबह के वक्त वाहनों का दबाव बढ़ने से बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान वाहनों को सड़क के किनारे व्यवस्थित रूप खड़ा कराने में पुलिस को पसीना बहाना पड़ा। अमहट पुल से लेकर रिठिया तक वाहनों की लंबी कतार देखी गई।
पॉलिटेक्निक चौराहे पर भी डायवर्जन होने से हंडिया चौराहे तक बड़े वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कई कार और छोटे वाहनों को हाईवे छोड़कर शहर से होकर अयोध्या एवं लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पकड़ना पड़ा। यातायात प्रभारी अवधेश तिवारी ने बताया कि छोटे वाहन, सवारी गाड़ियां पूर्व की भांति संचालित हो रही हैं।फुटहिया ओवरब्रिज से कलवारी-टांडा मार्ग पर लखनऊ, सीतापुर, राजस्थान की तरफ जाने वाले बड़े वाहनों को डायवर्ट कराकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भेजा जा रहा है। संवाद