बस्ती। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से 23 अक्तूबर को वाल्टरगंज ग्राउंड पर चौथी जिला ओपन स्कूल/क्लब जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और क्लबों के अंडर-14 व अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
आयोजक मंडल के सदस्य इं. अंशुल पटेल ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए ट्रायथलॉन अनिवार्य रहेगा। इसमें 60 मीटर दौड़, पांच मीटर लंबी कूद, कैंची शैली में ऊंची कूद, एक किलोग्राम की मेडिसिन बॉल थ्रो जैसी स्पर्धाओं के निर्धारित संयोजन शामिल हैं। इसके अलावा 600 मीटर दौड़ और किड्स जैवलिन थ्रो भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे।
अंडर-16 में 60 मीटर दौड़, 80 मीटर बाधा दौड़, 600 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, स्टैंडिंग शॉटपुट और जैवलिन थ्रो की स्पर्धाएं होंगी। इस वर्ग में पेंटाथलॉन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें पांच स्पर्धाओं के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का आकलन होगा। प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के लिए 17 नवंबर 2012 से 16 नवंबर 2014 के बीच जन्मे खिलाड़ी और अंडर-16 के लिए 17 नवंबर 2010 से 16 नवंबर 2012 के बीच जन्मे खिलाड़ी पात्र होंगे।
प्रतिभागियों को जन्म प्रमाणपत्र या हाईस्कूल की अंकतालिका तथा आधार कार्ड साथ लाना होगा। चयनित खिलाड़ियों को 14 से 16 नवंबर तक तेलंगाना के सदाशिवपेट स्थित वॉक्सेन यूनिवर्सिटी, कामकोले में आयोजित होने वाली 20वीं राष्ट्रीय अंतर-जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट (एनआईडीजेएएम)-2026 में बस्ती का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।