नग्न हाल में बेहोश मिली महिला, इलाज के दौरान मौत
दरिंदगी की आशंका, अयोध्या पंप कैनाल के पास झाड़ियों में पड़ी थी
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के अयोध्या पंप कैनाल के किनारे झाड़ियों में शनिवार को नग्न हाल में 35 वर्षीय महिला बेहोश मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अयोध्या चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने घुमक्कड़ जाति के चार लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक महिला विक्षिप्त अवस्था में पिछले एक माह से हाइवे किनारे घूमती रहती थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। लोगों ने महिला के साथ दरिंदगी की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष हरे कृष्ण उपाध्याय ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत भेजवाया। चिकित्सक डॉ. राजेश दुबे ने बताया कि महिला के निजी अंगों व पेट में इंफेक्शन हो गया था। एक आंख जख्मी थी। बाद में उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी शिवप्रसाद सिंह ने बताया कि बताया कि महिला की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक टीम के एसओसी मंजीत सिंह ने घटनास्थल से सुबूत जुटाए। घटना स्थल के पास घुमक्कड़ जातियों द्वारा प्रयोग में लाए जाने वाले दो बांस, झोला व अन्य सामग्री मिले हैं। इसके आधार पर शंकरपुर गांव में डेरा डाले घुमक्कड़ समुदाय के चार युवकों को हिरासत में लिया गया है। एक का कहना है कि वह शुक्रवार को गोंडा के शिवदयाल गंज से यहां आया था। उसने बताया कि सुबह उसके बच्चे लकड़ी तोड़ने नहर किनारे गए थे और बांस वहीं भूल गए।