बालू खनन के लिए रास्ता बनाने के विरोध में प्रदर्शन। संवाद
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के बर्दिया लोहार गांव में बालू खनन के पट्टे के लिए बनाए जा रहे रास्ते पर विवाद खड़ा हो गया है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पट्टे वाली भूमि तक जाने को लिए कोई रास्ता नहीं है। जबरन उनके खेतों से रास्ता बनाया जा रहा है।
बता दें कि तहसील क्षेत्र के बर्दिया लोहार गांव में तटबंध और सरयू नदी के बीच गाटा संख्या 412 में बालू खनन के लिए पांच साल के लिए पट्टा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त गाटा तक आने-जाने के लिए उनके खेतों में से रास्ता बनाया जा रहा है। गांव के धर्मेंद्र, आशुतोष, झबरू, ओम प्रकाश, मनोज, पप्पू, धर्मेंद्र कुमार, राजदेव आदि ग्रामीणों का आरोप है की बालू ढुलाई के लिए बनाए जा रहे रास्ते से फसल बर्बाद हो जाएगी।
पट्टा धारक का कार्य देख रहे धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि 2024 में पांच साल के लिए पट्टा हुआ था, तब तीन महीने चला था। 2025 में उस जमीन पर नदी प्रवाहित हो रही थी इसके चलते खदान नहीं हो सका। इसके बावजूद 1.20 करोड रुपये राजस्व जमा किया गया था। इस वर्ष नदी दूर हो गई है और नायब तहसीलदार सहित राजस्व की अन्य टीम द्वारा चिह्नित जमीन पर बालू खनन करने के लिए रास्ता बनाया जा रहा है।