दिव्यांग कोच में यात्रा करते अन्य यात्री- संवाद
- फोटो : 1
बस्ती। महानगरों को जाने वाले यात्रियों की जबरदस्त भीड़ ने गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के दिव्यांग कोच को जनरल कोच बना दिया। जिस कोच में सिर्फ दिव्यांगों के बैठने के लिए रिजर्व कोटा होता है। उसी कोच में अन्य यात्री सफर करते देखे जा रहे हैं।
एक्सप्रेस ट्रेनों में सीट के लिए इस कदर मारामारी है कि जनरल कोच में खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही है। ठसाठस भीड़ के चलते लोग बेबस हो रहे हैं। सीट न मिलने से यात्री जहां जिस कोच में जगह पा रहे हैं उस कोच में घुस जा रहे हैं। शनिवार को बठिंडा जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन के दिव्यांग और महिला कोच भी यात्री घुस गए। इसके अलावा देरी से चल रहीं ट्रेनें भी यात्रियों की मुसीबत बढ़ा रही हैं।
चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में प्लेटफार्म पर ट्रेनों का इंतजार करना यात्रियों के लिए मुश्किल हो रहा है। जैसे ही प्लेटफार्म पर दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, लुधियाना और चेन्नई जाने वाली ट्रेनें पहुंचती हैं, तो जनरल कोच में बैठने के लिए यात्री टूट पड़ते हैं।