नगर बाजार। बेसिक शिक्षा को तकनीक से जोड़ने की दिशा में जिले को पहली डिजिटल लैंग्वेज लैब मिली है। इसके संचालन के लिए पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय कोठवा भरतपुर में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पहले चरण में 11 पीएमश्री विद्यालयों में यह लैब स्थापित की जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों की पढ़ाई, अभ्यास और मूल्यांकन की प्रक्रिया डिजिटल होगी।
प्रभारी राम गोपाल पाठक ने बताया कि प्रशिक्षक नीलांजल चक्रवर्ती और तकनीकी विशेषज्ञ उमेश कुमार ने शिक्षकों को लैब के संचालन, उपयोगिता और तकनीकी समस्याओं के समाधान की जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बताया कि डिजिटल लैंग्वेज लैब के माध्यम से बच्चे भाषा, अंग्रेजी और संस्कृत जैसे विषयों का अध्ययन कर सकेंगे। इसके लिए प्रत्येक शिक्षक और विद्यार्थी की अलग-अलग डिजिटल आईडी और पासवर्ड बनाए जाएंगे। इनके जरिये विद्यार्थियों के सीखने, पढ़ने, अभ्यास और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रधानाध्यापक ऑनलाइन माध्यम से इन गतिविधियों की निगरानी कर सकेंगे।
इस लैब की खासियत यह है कि इसका संचालन विद्यालय के स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से किया जा सकेगा। इससे शिक्षकों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कराने और विद्यार्थियों की प्रगति पर नजर रखने में सुविधा मिलेगी। प्रधानाध्यापक ललित उपाध्याय ने प्रशिक्षकों और शिक्षकों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर शिवपूजन आर्य, शिव प्रसाद गुप्ता, विद्यासागर वर्मा, भास्कर मिश्रा, ललन चंद्र त्रिपाठी, समर मौर्य, राधेश्याम मिश्रा, रजनीश चौबे और अजीत गुप्ता मौजूद रहे।