बस्ती। रोडवेज बस्ती डिपो से संचालित छह बसों ने कम दूरी चलने पर भी तय मानक से अधिक डीजल खपाया है। जांच में इसका खुलासा होने पर डिपो से जुड़े 12 बस चालकों को नोटिस जारी कर लिखित जवाब मांगा गया है। साथ ही बस चालकों के वेतन से डीजल की एकमुश्त रिकवरी की जाएगी। इसके बाद भी स्थिति में सुधान नहीं हुआ तो चालकों का रूट भी बदला जाएगा।
जांच के दौरान बस्ती डिपो में 12 ऐसे चालक चिह्नित हुए, जिन्होंने मार्च 2026 व अप्रैल 2026 में मानक से अधिक डीजल की खपत की है। इनमें दो नियमित और 10 संविदा चालक शामिल हैं।
इन चालकों ने अलग-अलग दिन बस चलाकर सात से 33 लीटर तक अधिक डीजल खपाया। इससे विभाग को नुकसान उठाने के साथ ही राजस्व को भी चपत लगी। इन चालकों को जारी नोटिस में चेताया गया है कि अगर मई माह में स्थिति न सुधरी तो इन चालकों का रूट बदल दिया जाएगा। वहीं, वेतन से खर्च डीजल की कीमत की एकमुश्त रिकवरी के लिए आदेश जारी किया गया है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष भटनागर ने बताया कि जांच में 12 चालकों को छोड़ कर अन्य संचालित रोडवेज बसों के चालकों ने डीजल की औसत खपत की।
नोटिस का जवाब मिलने के बाद डिफाल्टर चालकों के खिलाफ विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी। बताया कि डिपो में तैनात नियमित और संविदा चालकों की जांच में यह पकड़ में आया है। ऐसे चालकों के खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
साथ ही रिकवरी करने के लिए आदेश भी जारी किए गए हैं। मार्च व अप्रैल माह में मानक से अधिक डीजल की खपत की है, जो नियम के खिलाफ है।
छह बसों में 12 चालकों ने यह गड़बड़ी की है। बता दें कि बस्ती डिपो में अभी 180 चालक कार्यरत हैं। जिसके जरिये निगम की 103 बसें संचालित हो रही हैं।