नवरात्र समापन के बाद भी शहर में मां की प्रतिमाओं के समक्ष जागरण, भजन कीर्तन का दौर चल रहा है। देर शाम होने वाले कार्यक्रमों के चलते शहर की सड़कें मेले में तब्दील रहती हैं। शहर में स्थापित प्रतिमाओं का विर्सजन पूर्णिमा यानी 16 अक्टूबर को होगा।
शहर के कंपनी बाग, पुराना डाकखाना, पुरानी बस्ती, मंगल बाजार, सुर्ती हट्टा, अस्पताल चौराहे आदि पर मां दुर्गा का भव्य पंडाल सजा है। नित प्रति आरती और प्रसाद वितरण के अलावा जगरात कार्यक्रमों की धूम है। बृहस्पतिवार देर रात पुराना डाकखाने में आयोजित कार्यक्रम में टीवी कलाकार मोहन राठौर व सुर संग्राम की विजेता शिवानी पांडेय मां की जगराता में एक से बढ़कर देवी गीतों की प्रस्तुति दी। नगर बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र में वैसे तो मंगलवार देर रात तक दुुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन चलता रहा लेकिन बाजार के राजकोट चौराहे पर सजाए गए मां के दरबार में भक्तिपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यहां विसर्जन पूर्णिका को होता है। करीब तीस साल से आयोजित होनेवाले कार्यक्रमों को देखने के लिए कई गांवों के लोग जुटते हैं।
साऊंघाट प्रतिनिधि के मुताबिक मंगलवार देर रात तक विसर्जन का क्रम चलता रहा। ओड़वारा, मंझरिया लुटावन, छपियालुटावन, सिसवामाफी, देवरियामाफी, बटेला, मकबूलगंज, हटवामोटरखाना, बनकसही, आदि की प्रतिमाएं प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष राम आज्ञा चौधरी एवं व्यवसायी मनोज कुमार गुप्ता के देखरेख में गोदमवा स्थित कठिनइया नदी में हुआ। आयोजकों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जन और पुलिस का भी आभार जताया है।