बस्ती। बृहस्पतिवार को खचाखच भरे कलेक्ट्रेट परिसर में नए जिला पंचायत
अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह
के मुख्य अतिथि देवेंद्र के पिता और कैबिनेट मंत्री राज किशोर सिंह ने इस
मौके पर भावुक होते हुए कहा कि दलीय भावना से ऊपर उठकर नवनिर्वाचित जिला
पंचायत सदस्यों ने बेटे शानू में जो भरोसा जताया है, वह वास्तव में
काबिलेगौर है।
राज्य मंत्री रामकरन आर्य ने नए अध्यक्ष को
शुभकामनाएं देते हुए उनकी और इलाके की तरक्की की अपेक्षा जताई। जिलाधिकारी
एके दमेले ने कहा कि जल्द ही जिला पंचायत अध्यक्ष की अगुवाई में जिला योजना
के माध्यम से जनपद के विकास की रूपरेखा तय होगी।
इसके बाद जिला
पंचायत सभागार में नवनियुक्त जिला पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र ने सभी जिला
पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला पंचायत
सदस्यों ने एक दूसरे से परिचय प्राप्त किया और फिर छह कमेटियों का गठन किया
गया।
इस मौके अनंत सिंह, बृजकिशोर सिंह, राना कृष्ण किंकर सिंह,
राजकपूर यादव, यज्ञेश पांडेय, शैलेष पांडेय, रामानुज मिश्रा, कलावती चौधरी,
अरविंद पाल, राना दिनेश प्रताप सिंह, आसमान सिंह, रघुनाथ सिंह, रमेश सिंह,
महेश सिंह, राणा सिंह, अशोक कुमार सिंह, कृष्ण कुमार गुप्ता, निर्मल सिंह,
मुख्य विकास अधिकारी सोबरन सिंह, अपर मुख्य अधिकारी उदय शंकर सिंह आदि
मौजूद रहे। संचालन खादिम हुसैन ने किया।
साथ की अपेक्षा, विकास का वादा
बस्ती।
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष दवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ शानू ने कहा कि
राजनीति बहुत नहीं आती है। मुख्यमंत्री सहित आप सभी ने मुझ पर जो भरोसा
जताया है, विकास कार्यों उस पर खरा उतरूंगा। बड़ों के आशीर्वाद के साथ ही
आप सभी का सहयोग चाहिए।
चर्चा में रही कई की नामौजूदगी
बस्ती।
शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया तो सभी को गया था मगर सांसद, सदर विधायक,
रुधौली विधायक, कप्तानगंज विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे। इसको
लेकर लोग कानाफूसी करते रहे।