बस्ती। जिला पंचायत के नए अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह शानू के साथ ही नव
निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों के स्वागत के लिए जिला पंचायत भवन को
सजा-संवार दिया गया है। नए मैट, नए सोफे, पंखे आदि की व्यवस्था की गई है।
भवन की दीवारों को सफेद रंग से पेंट किया गया है।
गुरुवार को नव
निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह शानू के साथ ही सभी
जिला पंचायत सदस्य कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता
की शपथ लेंगे। इसके बाद जिला पंचायत की पहली बैठक जिला पंचायत सभागार में
नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में होगी।
ऐसे में
बुधवार को जिला पंचायत प्रशासन जिला पंचायत के दोनों भवनों के रंग-रोगन में
जुटा रहा। प्रशासनिक भवन के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष वाले भवन में सारी
व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था। सभागार से लेकर अध्यक्ष के
कार्यालय तक की मैट को बदला जा रहा था।
भवन के बाहर से लेकर अंदर
तक पेंटिंग का कार्य चल रहा था। अध्यक्ष के कमरे के लिए नए सोफे की भी
व्यवस्था की गई है। नई कुर्सियां भी मंगाई जा रही हैं। सभागार से लेकर
कमरों तक में लगे पंखों को दुरुस्त किया जा रहा है। जिला पंचायत के दोनों
भवनों के आसपास साफ-सफाई का काम भी तेजी से चल रहा था। अपर मुख्य अधिकारी
उदयशंकर सिंह काम की निगरानी कर रहे थे।