बस्ती। जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर दो हजार रुपये मांगने की शिकायत पर डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने मंगलवार शाम सीएचसी भानपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एमओआईसी डॉ. सचिन चौधरी के अलावा कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। अस्पताल परिसर में गंदगी और कार्यालय में अभिलेख अस्त-व्यस्त मिले। डिप्टी सीएमओ ने व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
आईजीआरएस पर मिली शिकायत की जांच के लिए डिप्टी सीएमओ टीम के साथ शाम करीब तीन बजे सीएचसी पहुंचे। उस समय एमओआईसी ही ओपीडी में मौजूद थे। अन्य चिकित्सकों के बारे में पूछने पर बताया गया कि वे जा चुके हैं। डिप्टी सीएमओ ने चिकित्सकों की उपस्थिति और ड्यूटी को लेकर भी जानकारी ली।
अस्पताल में मौजूद मरीजों से उपचार और दवाओं के बारे में पूछताछ की गई। मरीजों ने बताया कि कुछ दवाएं अस्पताल से मिलीं, जबकि कुछ बाहर से खरीदने के लिए लिखी गईं। परिसर में गंदगी मिलने पर डिप्टी सीएमओ ने जिम्मेदारों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले ऑपरेटर से पूछताछ की गई। डिप्टी सीएमओ ने ऑपरेटर को शिकायतकर्ता का प्रमाण पत्र जल्द जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।