नगर बाजार। नगर पंचायत नगर बाजार क्षेत्र से बिजली निगम की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मोहल्ला खुटहन वार्ड नंबंर चार अटल नगर स्थित बकानिया दीप मार्ग पर अर्जुन कुमार के घर के पास लगा एलटी बिजली का खंभा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह विद्युत पोल बीच से क्रैक होकर मुख्य मार्ग की ओर झुक गया है और हवा में लटका हुआ है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह रास्ता इलाके का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां दिन-रात राहगीरों, स्कूली बच्चों और मवेशियों का आना-जाना लगा रहता है।
वार्ड के लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार विद्युत निगम को लिखित और मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष यशराज केके ने बताया कि जिम्मेदार अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में अधिशासी अभियंता राजित राम ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। जल्द ही पोल को बदल दिया जाएगा।