चुनाव ड्यूटी में मृत शिक्षकों के आश्रितों को नौकरी देने की मांग
बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान मृत शिक्षकों के आश्रितों को नौकरी देने की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री, सचिव राज्य चुनाव आयोग को ज्ञापन भेजा।
अध्यक्ष ने बताया कि ज्ञापन में कहा गया है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान जनपद में 20 शिक्षक और अन्य कर्मचारियों की मृत्यु हुई है। शासन से उनके आश्रितों को सहायता मिलनी है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से उनकी सूची शासन में प्रेषित नहीं की गई। मांग की गई कि कोरोना काल में मृतक शिक्षक और कर्मचारियों के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक आश्रित नौकरी, पारिवारिक पेंशन, ग्रेच्युटी, शिक्षकों के इलाज पर व्यय धनराशि का भुगतान कराया जाए। साथ ही कोविड कंट्रोल रूम में लगे शिक्षकों को कार्य मुक्त किया जाए।
शिक्षक संघ ने मांग की है कि कोरोना संक्रमण के कारण मृतक शिक्षक तथा अन्य कर्मचारियों की जांच चिकित्साधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारियों से कराकर मृतक शिक्षकों व कर्मचारियों की सूची शासन में भेजी जाए, जिससे उनके आश्रितों को लाभ मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, उपाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह, सुधीर तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव, गिरजेश चौधरी, राकेश सिंह, डॉ. प्रमोद सिंह, उमाकांत शुक्ल, राजेश गिरी, राजकुमार तिवारी, प्रताप नरायन, रवि सिंह, अविनाश दूबे, अनिल पाठक, अशोक यादव आदि शामिल रहे।