बस्ती। निजी अस्पताल में एक मां ने तीन बच्चों (ट्रिपलेट) को जन्म दिया। कुछ देर बाद ही तीनों नवजात ने दम तोड़ दिया था। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
जांच टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. बृजेश कुमार शुक्ला, बालरोग विशेषज्ञ डॉ. जेपी चौधरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमरजीत बरई को शामिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की गाइड लाइन के अनुसार, अगर किसी गर्भवती के जुड़वा बच्चे हैं तो उसे हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) की श्रेणी में रखा जाता है, जबकि संबंधित गांव की एएनएम ने गर्भवती को एचआरपी में नहीं रखा। बताया गया कि एचआरपी के मामले में प्रसव जिलास्तरीय अस्पताल या मेडिकल कॉलेज में कराया जाता है।
महिला को न तो हाईरिस्क प्रेग्नेंसी की श्रेणी में चयनित किया गया और न ही प्रसव के समय सतर्कता बरती गई। बताया जा रहा है कि आशा की मदद से परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए थे। घर वालों को भी यह नहीं मालूम था कि महिला के पेट में तीन बच्चे हैं। अल्ट्रासाउंड जांच में भी दो बच्चे की रिपोर्ट थी। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्भ में तीन बच्चे होना दुर्लभ केस है। स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारों ने लापरवाही बरती और जन्म के कुछ देर बाद ही तीनों नवजात की मौत हो गई।