संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान/ पैकोलिया। दिल्ली से घर लौटे युवक का गांव के निकट तालाब में उतराया शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दिवंगत अपने पत्नी और बच्चों के साथ बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली से अपने घर आया था। लोगों में कहना है युवक शराब के नशे में धुत रहता था। घटना के पहले वह शराब के नशे में इधर-उधर घूमता हुआ लोगों से मिला था। तालाब से शव निकालने के बाद उसकी जेब से दो सीसी देसी शराब भी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार पैकोलिया थाना क्षेत्र के अगया साई धाम मंदिर के पास शनिवार की दोपहर तालाब में उतराता शव देखा । थोड़ी ही देर में यह बात फैल गई और वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई । लोग शव की पहचान करने में जुटे थे कि इसी बीच दिवंगत के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच घटना की जानकारी किसी ने पैकोलिया पुलिस को भी दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला तो परिजनों ने दिवंगत की पहचान राम नयन उर्फ नैनू 28 पुत्र राम सनोहर निवासी अगया खुर्द थाना पैकोलिया के रूप में की। दिवंगत के पिता रामसनोहर ने बताया कि दिवंगत दिल्ली में रहकर रोजी रोटी कमाता था।वह बीते 18 जुलाई की सुबह दिल्ली से सपरिवार घर आया था। उसी दिन शाम से ही घर से गायब था। घर के लोग उसी दिन से उसकी तलाश कर रहे थे। पर वह मिल नहीं रहा था।
लोगों को अनहोनी की आशंका सता रही थी। बताते हैं कि दिवंगत नशे का आदी था व चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो संतानों में से पुत्र शिवा 7 व प्रज्ञा एक वर्ष की है। मां हीरा देवी, पत्नी मैना देवी का रो -रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष पैकोलिया रामफल चौरसिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है ।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।