डीआईओएस को हर माह 20 स्कूलों को करना होगा निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती।माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए और छात्रों को निपुण बनाने के लिए शासन स्तर से लगातार दिशा- निर्देश जारी किए जा रहे हैं।इसी क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने स्कूलों का निरीक्षण को लेकर भी फरमान जारी किया, जिसकी रिपोर्ट प्रतिदिन परख-2 एप अपलोड की जाएगी।
जिले 401 माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संचालित होते है। इसमे 23 राजकीय , 70 एडेड और वित्तविहीन के 308 कॉलेज संचालित है। निर्देशित किया गया है कि जिला विद्यालय निरीक्षक को कम से कम 20 कॉलेजों का माह में निरीक्षण करना होगा। इसकी निरीक्षण आख्या रिपोर्ट ई-मेल के माध्यम से व गूगल सीट पर उपलब्ध कराने के साथ ही परख-2 एप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि सभी विद्यालयों का निरीक्षण किया जाना चाहिए। इस दौरान विद्यालय के संसाधनों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं की जांच, क्रियाशील पंखे, पर्याप्त फर्नीचर, पुस्तकों का रखरखाव, स्टाफ कक्ष, प्रधानाचार्य कक्ष समेत एडेड व वित्तविहीन कॉलेजों के लिए कुल 34 बिंदुओं की जांच के लिए निर्धारित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में जो भी कमियां पाई जाएंगी। उन्हें दूर करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया जाएगा। कमियां दूर होते ही शिक्षा निदेशालय शिविर कार्यालय को ई-मेल से अवगत कराना होगा।
डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि स्कूलो के निरीक्षण के लिए आदेश आए है। शासन स्तर से जारी सभी निर्देशों का पालन सख्ती से कराया जाएगा।