सल्टौआ। बृहस्पतिवार को सोनहा थाना क्षेत्र के अमरौली शुमाली गांव में पवन (27) पुत्र बहरैची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पवन का शव मकान के पिछले हिस्से के कमरे में दिन के दो बजे छत की कुंडी से फंदे से लटका पाया गया। जब वह काफी देर घर के बाहर नहीं दिखाई दिया, तो उसकी पत्नी प्रेमा ने कमरे में जाकर शव देखा और शोर मचाया।
घटना की सूचना पर गांव के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पवन अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर का भाई था और एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि वह किसी बीमारी को लेकर परेशान रहता था। प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जांच जारी है। संवाद