रुधौली के शहीद कीर्तिकर नगर की थी रहने वाली
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली। नगर पंचायत के शहीद कीर्तिकर नगर के बदडीहा टोले में बुधवार को एक युवती का शव घर के कमरे में छत की कुंडे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका पाया गया। उसकी मां की सूचना पर पहुंची पुलिस व विधि विज्ञान की टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार, शहीद कीर्तिकर नगर वार्ड निवासी माधुरी पत्नी स्वर्गीय राम शब्द निषाद बुधवार को खेत में गई थी। लौटकर आने के पर बेटी कौशल्या (22) के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा तोड़वाया। अंदर बेटी का शव कमरे में छत के कुंडे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका देखा।
कौशल्या दो भाई और दो बहन में सबसे छोटी थी। वह अपनी मां माधुरी के साथ ही घर पर रहती थी। पिता रामशब्द की कुछ वर्ष पहले मौत हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। परिवार के लोग घटना की वजह के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।