बस्ती। सामान्य लोकसभा निर्वाचन 2024 में भारत निर्वाचन आयोग ने हाईटेक व्यवस्था की है। मतदान के दिन मोबाइल एप पर जहां वोटिंग प्रतिशत बताया जा रहा था। वहीं अब मतगणना के लिए भी एप के माध्यम से डाटा बताया जाएगा। इस एप पर पल-पल की जानकारी दी जाएगी।
जिले के मंडी स्थल पर पांच विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की व्यवस्था जिला प्रशासन ने बनाई हे। मतगणना के लिए अभी तक तय फार्मेट के अनुसार हर राउंड की घोषणा इसी ऐप पर आम लोगों को मिल जाएगी।
मतगणना स्थल पर भीड़ न हो और आम जनता को भी परिणाम जानने में आसानी हो इसके लिए आयोग ने वोटर हेल्पलाइन नाम एक मोबाइल ऐप बनाया है। इस एप पर मतदाताओं को मतगणना का पल पल का परिणाम घर बैठे मिलता रहेगा। इसके लिए प्लेस्टोर से वोटर हेल्पलाइन एप्लीकेशन इंस्टॉल करना होगा। संबंधित यूजर अपने जिले ही नहीं बल्कि किसी भी लोकसभा सीट का राउंडवार परिणाम जान सकते हैं। हर राउंड के बाद इस ऐप पर संबंधित लोकसभा सीट के सभी प्रत्याशियों को मिले वोट ऑनलाइन कर दिए जाएंगे। संवाद