भीषण गर्मी में एक्सप्रेस ट्रेनों की लेटलतीफी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रचंड गर्मी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग गर्मी से परेशान हैं। वहीं शुक्रवार को भी कई एक्सप्रेस ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैं। ट्रेनों की लेट लतीफी की वजह से स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्री परेशान हो रहे हैं। रेलवे बोर्ड के मुताबिक डाउन मुजफ्फरपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 17 घंटे देरी से चल रही है। इस ट्रेन को बस्ती स्टेशन पर रात में 1:20 बजे आना था, जबकि जननायक अप एक्सप्रेस ट्रेन 13 घंटे लेट है। इस ट्रेन को सुबह में 4:40 बजे निर्धारित टाइम है लेकिन यह ट्रेन विलंब होती जा रही है।
स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे गौर क्षेत्र के यात्री विनोद कुमार ने बताया कि स्टेशन पर 17 घंटे से मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं। अब इंतजार का सब्र भी टूट गया है क्योंकि भीषण गर्मी के चलते स्टेशन पर बैठना मुश्किल हो गया है।प्लेटफार्म व यात्री प्रतीक्षालय में जो पंखे लगे हैं, वह भी आग की तरह हवा दे रहे हैं। ऐसे में पंखे के नीचे भी बैठा नहीं जा रहा है।
वहीं कलवारी क्षेत्र की महिला यात्री सुष्मिता चौधरी ने बताया कि डाउन मऊ स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा करने के लिए स्टेशन पर 12 घंटे से ट्रेन की प्रतीक्षा कर रही हूं, लेकिन ट्रेन का कोई अता-पता नहीं है। ट्रेन कब आएगी और कब जाएगी यह निश्चित नहीं है। अब स्टेशन पर समय काटना मुश्किल होता जा रहा है। परिवार के लोग टिकट कैंसिल कराने के लिए बोल रहे हैं।
ये ट्रेनें चल रही है विलंब से
रेलवे बोर्ड के अनुसार जो ट्रेनें विलंब से चल रही हैं उनमें बांद्रा स्पेशल अप एक्सप्रेस ट्रेन 10 घंटे, जननायक अप एक्सप्रेस 13 घंटे, गोरखपुर स्पेशल अप एक्सप्रेस ट्रेन 11 घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस 3 घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस 4 घंटे, अमृतसर स्पेशल अप एक्सप्रेस 3 घंटे, कटिहार स्पेशल डाउन एक्सप्रेस ट्रेन 6 घंटे, मुजफ्फरपुर डाउन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 17 घंटे व मऊ स्पेशल डाउन एक्सप्रेस ट्रेन 12 घंटे की देरी से चल रही है।