मासूम की हत्या के बाद सामान्य नहीं हुआ दरियापुर का माहौल
सोनहा। थाना क्षेत्र के परसा खुर्द बुजुर्ग दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा में शनिवार को दिन में ढाई वर्ष के मासूम को अपहृत कर हत्या की घटना से लोग अब भी मर्माहत हैं। घटना से लोग सन्न हैं और कोई किसी से कुछ बात करने से कतरा रहा है।
गांव में सोनहा पुलिस के अतिरिक्त जनपद के कई थानों की पुलिस, पीएसी मुस्तैद है और उच्चाधिकारी गश्त कर रहे हैं। लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। सीओ रूधौली धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि पुुुलिस लोगों से अपील कर रही है कि लोग बीती घटना भूलकर दैनिक कार्य में लग जाएं और भयभीत न रहें।
भाईचारे का माहौल बना रहे, इस प्रयास में लगातार बने हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को मासूम रितेश को उसी के रिश्ते में चाचा संदीप अपने साथ साइकिल पर बैठाकर ले गया था। खाजेपुर जंगल में ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। ऐसा उसने अपनी प्रेमिका उर्मिला के कहने पर किया।
दोनों आरोपितों को थाना सोनहा पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया है। फिर भी गांव का माहौल गमगीन है। लोग सहमे हैं। घोलवा बाजार में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलने के बावजूद कोई ग्रामीण दैनिक उपभोग की वस्तु लेने के लिए घर से नहीं निकला।