ब्लैक ऑउट के दौरान मौजूद प्रशासनिक अफसर। संवाद
- फोटो : 1
बस्ती। शासन के निर्देश पर यूपी दिवस 2026 और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रशासन की ओर से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। कंपनीबाग क्षेत्र में शाम छह बजे अचानक ब्लैक आउट घोषित हो गया। बिजली गुल हो गई, अंधेरे में सायरन बजने लगा। घरों के भीतर इसकी आवाज गूंजते ही लोग चौकन्ना हो गए। बाहर अधिकारी और पुलिस के जवानों की हलचल बढ़ी हुई थी। सड़क पर वाहनों से चल रहे लोगों को सुनसान जगह पर सुरक्षित किया गया। इस दौरान अनजान लोगों की बेचैनी बढ़ गई थी। बाद में जब पता चला कि यह किसी हवाई हमले से बचाव के लिए मॉकडि्रल किया जा रहा है तब लोगों ने चैन की सांस ली। आधे घंटे तक कंपनीबाग क्षेत्र ब्लैक आउट रखा गया। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एएसपी श्यामकांत के नेतृत्व में प्रशासनिक अफसर, पुलिस अधिकारी, फोर्स, आपदा टीम हवाई हमले के दौरान बचाव करने का पूर्वाभ्यास करते करते नजर आए। कंपनीबाग से शास्त्री चौक तक सायरन की आवाज में मार्च भी निकाला गया। आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं नागरिकों से सहयोग करने की अपील की गई।
इस दौरान घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं वाहनों की लाइटें बंद कराई गई। घरों की खिड़कियों पर मोटे पर्दे/काले कपड़े लगवाए गए। संदेश दिया गया कि हमले के समय किसी भी परिस्थिति में प्रकाश बाहर न जाने दिया जाए।
इस मौके पर सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी, एसडीएम सदर शत्रुहन पाठक, जिला आपदा प्रबंधक रंजीत रंजन के अलावा पुलिस फोर्स मौजूद रही।