भानपुर/रुधौली। छठ महापर्व के अंतिम दिन मंगलवार की सुबह रुधौली नगर पंचायत क्षेत्र श्रद्धा और भक्ति में डूबा रहा। खराब मौसम और हल्की फुहारों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। नगर के बुद्धि बाजार और सरघाट देवी मंदिर परिसर स्थित पोखरों पर व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय व्रत को पूर्ण किया। पूजा समापन के बाद नगर पंचायत कर्मियों ने घाटों पर फैले पूजन सामग्री के अवशेष की सफाई की।
भोर से ही घाटों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी। परिवार के सदस्य भी व्रतियों के साथ श्रद्धा से उपस्थित रहे। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों और उनके परिजनों ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित कर शुभकामनाएं दी। घाटों पर गूंजते छठ गीतों और ढोल-मंजीरों की धुनों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
नगर पंचायत चेयरमैन धीरसेन निषाद ने नगर कर्मियों के साथ सफाई, प्रकाश और सुरक्षा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा प्रसाद वितरण कराया। वहीं, सरघाट देवी मंदिर परिसर में समाजसेवी राजकुमार सोनी ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण लीला का मंचन रहा। तहसीलदार रवि यादव और प्रभारी निरीक्षक विजय दुबे अपने दल-बल के साथ मेले में भ्रमणशील रहे।
उधर, भानपुर क्षेत्र में खराब मौसम और हल्की बूंदाबांदी के बीच व्रतियों ने पूरे उत्साह के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय व्रत को पूर्ण किया। आसमान में घने बादल के बावजूद महिलाएं तड़के घाटों पर पहुंच गईं और भक्ति भाव के साथ सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की। नगर पंचायत क्षेत्र के हनुमान मंदिर उकड़ा पोखरा, नेकुरहा, सोनहा के करमहिया घाट, बैदौला, खैरा सहित रामनगर ब्लॉक क्षेत्र के बडोखर स्थित अमृत सरोवर, दरियापुर को दुबियहवा घाट, धोषण, सगरा, थुम्हवा पांडेय, बरगदवा के नेवलवा पोखरा, रामनगर का लीलामदार पोखरा और नरखोरिया शिव मंदिर पोखरा पर व्रती महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।
-
चौकवा पोखरे पर जुटी भीड़
सल्टौआ। ग्रामीण अंचलों में भी छठ महापर्व धूमधाम से मनाया गया। व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पुरुष तड़के ही घाटों पर पहुंच गए। चौकवा गांव के पोखरे पर आसपास के गांवों गोरखर, रमवापुर, सिकंदरपुर, धौरपारा, रेहार जंगल और सेखुई के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं सजधजकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचीं। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। भक्ति गीतों और लोकसंगीत की धुनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। क्षेत्र के कुंवर पांडेय, राममिलन यादव, ओमप्रकाश यादव, नवीन पांडेय, रंगीलाल राजभर और रफीक मनिहार आदि उपस्थित रहे।