छावनी। क्षेत्र के सैनिक ग्राम पचवस में पौष मास की पूर्णमासी को लगने वाले मेले में शनिवार को भीड़ रही। सुबह ग्राम प्रधान ने मेला कमेटी के सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। मेले में बच्चों ने झूले का आनंद लिया और लोगों ने अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी की।
मेले में बना सेल्फी प्वाइंट महिलाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। प्राचीन काल से ही पचवस गांव में पौष मास की पूर्णमासी को मेला लगता है। रिटायर्ड कर्नल अभय सिंह बताते हैं कि यह मेला कितना पुराना है, किसी को जानकारी नहीं है । किंवदंती है कि पांच व्यक्ति तालाब में स्नान करने गए थे। इसके बाद वह अश्व बनकर निकले थे जिसकी वजह से गांव का नाम पंच अश्व पड़ा था। बाद में अपभ्रंश होकर पचवस हो गया। मेले में बच्चों ने झूले पर खूब मनोरंजन किया। गांव के लोगों ने गुड, तिल, गंजी आदि की खरीदारी की।