बस्ती। जिले के 39 पीएचसी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। लोगों ने बताया कि अधिकतर पीएचसी में खानापूरी की गई। ज्यादातर मरीजों को पीसीएम की गोली देकर भेज दिया गया। इससे वे असंतुष्ट दिखे। बताया कि मेला महज खानापूरी है।
नगरीय पीएचसी बरदहिया और नरहरिया में मेला आयोजित हुआ। यहां पहुंचे रोगियों की जांच हुई और दवाएं दी गई। बताया कि कि बुखार और खांसी-जुकाम वाले मरीज अधिक दिखे।
वहीं पीएचसी कुदरहा में मेला के नाम पर खानापूरी की गई। भानपुर संवाद के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित क्षेत्र तीन पीएचसी में 123 मरीज आए।
मेले में बुखार और खांसी के साथ त्वचा रोग से संबंधी मरीज अधिक रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सचिन चौधरी ने बताया कि मेले के दौरान सीएचसी में 20, पीएचसी परसाकुतुब में 38, सगरा में 33 और करमहिया में 32 मरीजों ने पंजीकरण कराया।
कलवारी संवाद के अनुसार जन आरोग्य मेला के अंतर्गत रविवार को कलवारी में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में 32 मरीजों का इलाज किया गया।
डॉ. नीरज यादव ने बताया कि मेला में बुखार, सर्दी-खांसी, पेट दर्द, उल्टी, त्वचा रोग और हड्डी रोग के 32 मरीजों का इलाज किया। मेला में चीफ फार्मासिस्ट एके दीक्षित, लैब टेक्नीशियन राजेश यादव, स्टाफ नर्स कल्पना मिश्रा, वार्ड ब्वॉय भगवानदास ने सहयोग किया।
वहीं अधिकांश पीएचसी पर आयुष और फार्मासिस्ट के भरोसे मेला संचालित हुआ। एलोपैथ के डॉक्टर नदारद रहे।