ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पगार गांव में देर रात संदिग्ध युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गांव में शनिवार की देर रात गांव के पूरब बाग में कुछ लोग गेहूं की सिंचाई कर रहे थे। तभी एक संदिग्ध युवक वहां दिखाई दी। गांव के लोगों ने उसे मोटर चोर समझकर रोकना चाहा, लेकिन वह भागने लगा तभी ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले गई। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं लग रही है। बातचीत से पता चल रहा है कि वह बिहार प्रांत का रहने वाला है। संवाद
जमीन के विवाद में मारपीट, क्रॉस मुकदमा दर्ज
हर्रैया। कसबे के राजघाट मुहल्ले में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में ईंट-पत्थर चलने से तीन लोग चोटिल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने लूट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आंबेडकर नगर वार्ड निवासी पूर्व सैन्य अधिकारी व सेवानिवृत्त जज डीपीएन सिंह का एक मैरेज हॉल कस्बे के राजघाट मुहल्ले के सम्राट नगर वार्ड में है। सीएचसी में तैनात एकडेंगवा गांव निवासी परमहंस सिंह ने मैरेज हाल के बगल ही जमीन खरीदी है। रविवार को पूर्व सैन्य अधिकारी अगल बगल की जमीन पर सफाई कर मिट्टी पाट रहे थे। आरोप है कि उन्होंने परमहंस की जमीन में बढ़कर कब्जाने का प्रयास किया। जिस पर आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। तहरीर में परमहंस ने पूर्व सैन्य अधिकारी पर पिस्टल निकाल कर तानने व साथियों के साथ लोहे के रॉड व सरिये से जान लेवा हमला करने का आरोप लगाया है। डीपीएन सिंह ने विपक्षी पर जानलेवा हमला कर मोबाइल लूटने की तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर लूट, जान लेवा हमला सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक कन्हैया पांडेय ने बताया कि सैन्य अधिकारी की तहरीर पर परमहंस व उनके पुत्र के खिलाफ व दूसरे पक्ष की तहरीर पर डीपीएन सिंह व पांच अज्ञात लोगों पर केस दर्ज हुआ है।