बभनान (बस्ती)। रेलवे स्टेशन पर 16 वर्षीय छात्रा ने मालगाड़ी के आगे छलांग लगा दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। सूचना पर स्टेशन अधीक्षक और जीआरपी मौके पर पहुंची। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी क्रसिंग पर स्कूल ड्रेस पहने एक लड़की ट्रैक के आसपास घूम रही थी। उस समय किसी को भी ये अहसास नहीं था कि वह आत्महत्या करने आई है। इसी बीच लखनऊ से गोरखपुर को जा रही डाउन मालगाड़ी को आता देख वह अचानक आगे कूद पड़ी। ट्रेन के गुजरने के बाद गेटमैन विवेक कुमार ने स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ चौकी इंचार्ज को खबर दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ चौकी इंचार्ज ने किशोरी की पहचान पूजा पुत्री राजेंद्र वर्मा निवासी चेतरा थाना पैकोलिया के रूप में की। जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।