बस्ती। कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर हाईवे पर बड़ेवन टोल प्लाजा के पास दो लाख रुपये लूट लिए जाने की सूचना पर पुलिस घंटों हलकान रही। अधिकारी पूछताछ करतेेेे रहे लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अंतत: मान लिया गया कि किसी ने परेशान करने के लिए शरारत की है।
हुआ यूं कि रविवार शाम करीब पांच बजे किसी ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि टाटा मैजिक यूपी 51एटी-1735 सवार व्यापारी कल्लू पुत्र द्वारिका निवासी मरवटिया से बड़ेवन टोल प्लाजा के पास कुछ बदमाशों ने दो लाख रुपये लूट लिए। खबर पाते ही पुलिस महकमे को मानो सांप सूंघ गया।
आनन-फानन में एसपी कृपाशंकर सिंह,सीओ सिटी एसएन सिंह, कोतवाल डीके श्रीवास्तव के अलावा स्वाट टीम भी पहुंच गई। मगर मौके पर कोई नहीं मिला। पुलिस जब नंबर ट्रैस करके कल्लू के पास पहुंची तो उसने बताया कि कोई घटना हुई ही नहीं और न ही उसने किसी को फोन किया।