जंगली सुअर के हमले के बाद लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा खुर्द, सिसवा बुजुर्ग और परसोनिया गांव में बुधवार की सुबह खेत से पक कर तैयार सरसों की फसल की कटाई करते समय जंगली सुअर के हमले से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय बालिक राम (55) पुत्र बहरैची की मौत हो गई। जिनका पंचनामा कराकर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह ग्राम पंचायत सिसवाखुर्द में खेत में काम कर रहे बालिक राम, सिसवा बुजुर्ग में हरिशरन चौधरी (70) और श्यामबरन चौधरी(55) तथा परसोनिया निवासी 50 वर्षीय योगेंद्र यादव को जंगली सुअर ने हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुअर के हमले से बालिक राम के नाजुक अंगों में गंभीर चोट आई। उन्हें सीएचसी भानपुर ले जाया जा रहा था। जहां रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बालिक राम की मौत से गांव में होली की खुशियां मातम में बदल गईं।